प्रिंस हत्याकांड में 16 नामजद, एक गिरफ्तार
नवादा, 23 अगस्त (हि.स.)।नवादा जिले के सिरदला थाना क्षेत्र के बढ़ीबीघा और नाद गांव के बीच झगड़े के बाद आहर में डूबने से हुई 16 वर्षीय हिमांशु कुमार उर्फ प्रिंस की मौत मामले ने रविवार को नया मोड़ ले लिया है। मृतक के पिता रामविलास प्रसाद, भाई और बड़ी संख्या में ग्रामीण सिरदला थाना पहुंचे। पिता ने अपने पुत्र की मारपीट कर हत्या करने और शव को आहर के गहरे पानी में फेंकने का आरोप लगाते हुए थाने में आवेदन दिया। आवेदन के आधार पर पुलिस ने सिरदला थाना कांड संख्या 251/26 दर्ज किया है। मामले में 16 लोगों को नामजद करते हुए 20 से 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी आरोप लगाया गया है।
थानाध्यक्ष विनय कुमार चौरसिया ने बताया कि नाद गांव से पूछताछ के लिए तीन लोगों को थाना लाया गया था। पूछताछ के बाद दो लोगों को पीआर बॉन्ड पर छोड़ दिया गया। वहीं नामजद आरोपी नाद गांव निवासी हरिश्चंद्र राजवंशी के पुत्र सुनील राजवंशी को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
मृतक के पिता रामविलास प्रसाद ने आवेदन में बताया है कि उनका पुत्र हिमांशु कुमार उर्फ प्रिंस शौच के लिए गांव से पश्चिम दिशा स्थित आहर की ओर गया था। इसी दौरान सूचना मिली कि उसके साथ मारपीट की जा रही है। सूचना मिलने पर वे घटनास्थल पर पहुंचे तो कथित रूप से करीब छह लोगों को लोहे की रॉड, लाठी और डंडे से प्रिंस के साथ मारपीट करते देखा।
आवेदन के अनुसार, हमलावर पहले से घात लगाए हुए थे। पिता ने आरोप लगाया कि दो लोगों ने प्रिंस का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद छह लोगों ने शव को आहर के गहरे पानी में फेंक दिया और पश्चिम दिशा की ओर भाग गए। इसी दौरान उन्होंने गांव के संजय प्रसाद और शिवकुमार प्रसाद को भी जमीन पर लहूलुहान अवस्था में पड़ा देखा।
आवेदन में कहा गया है कि संजय प्रसाद से पूछने पर उसने बताया कि नाद गांव के करीब 40 से 50 लोग वहां आए थे और मारपीट करने के बाद भाग गए। मृतक के पिता ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना के दो दिन पहले गांव के ही एक व्यक्ति ने गांव में आकर जान से मारने की धमकी दी थी। इस धमकी के कई ग्रामीणों के गवाह होने की बात भी आवेदन में कही गई है।
इधर, घटना के बाद से दोनों गांवों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि नामजद और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

