खोनटाहा में पुलिस की छापेमारी, 165 बोतल नेपाली शराब बरामद
सुपौल, 21 मई (हि.स.)। जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खोनटाहा इलाके में गुरुवार सुबह पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 165 बोतल नेपाली देसी शराब जब्त की। हालांकि, पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहे।
जानकारी के अनुसार, वीरपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि खोनटाहा में नेपाली शराब की खेप छिपाकर रखी गई है और उसे आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करने की तैयारी चल रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की।पुलिस की दबिश पड़ते ही तस्करों में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि तस्कर शराब से भरी बोरियां छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने मौके से 165 बोतल नेपाली देसी शराब बरामद कर जब्त कर लिया।
इस संबंध में राजकिशोर मंडल ने बताया कि मामले में वीरपुर थाना कांड संख्या 210/26 दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही फरार शराब तस्करों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

