अमेरिकन और विदेशी नागरिकों से ठगी करने वाले 16 साइबर अपराधी गिरफ्तार
नोएडा, 09 अप्रैल (हि.स.)। थाना साइबर क्राइम पुलिस ने इंटरनेट पर विज्ञापन चलाकर ऑनलाइन डायलर के माध्यम से अमेरिकन व अन्य विदेशी नागरिकों को हैकिंग एवं डाटा चोरी कर भय दिखाकर ठगी करने वाले गैंग के 16 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चार लैपटॉप, 15 डेस्कटॉप, 15 मॉनिटर, 16 मोबाइल फोन, 16 माइक हेडफोन आदि बरामद हुआ है।
पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम शैव्या गोयल ने गुरुवार काे बताया कि एक सूचना के आधार पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने सेक्टर 16 नोएडा से विवेक ठाकुर उम्र 32 वर्ष, गौरव सिंह उम्र 36 वर्ष, गौरव गुप्ता उम्र 29 वर्ष, अभिषेक मसीह उम्र 30 वर्ष, अश्विनी कुमार पुत्र उम्र 30 वर्ष, रोहन शर्मा उम्र 23 वर्ष, संत कुमार उम्र 23 वर्ष, उपेंद्र सिंह उम्र 33 वर्ष, अंकुश चौरसिया उम्र 34 वर्ष ,आयुष चौबे उम्र 32 वर्ष, सुधीर सिंह उम्र 30 वर्ष, अनुपम सक्सैना उम्र 44 वर्ष, अभिषेक मौर्य उम्र 32 वर्ष, शिवम पाठक उम्र 27 वर्ष, प्रदीप कुमार उम्र 36 वर्ष, वरुण गुप्ता उम्र 30 वर्ष को गिरफ्तार किया है।
उन्होंने बताया कि ये लोग इंटरनेट पर विज्ञापन चलाकर ऑनलाइन डायलर के माध्यम से विदेशी नागरिकों को हैंकिग और डाटा चोरी का भय दिखाकर उनसे लाखों रुपये की ठगी करते थे। उनके अनुसार आरोपित टेक्निकल सपोर्ट एजेंट बताकर नागरिकों को विश्वास दिलाते थे कि उनका कंप्यूटर डिवाइस हैक हो गया है। इसके उपरांत में स्क्रीन शेयरिंग एप्लीकेशन के माध्यम से पीड़ित के सिस्टम तक पहुंच प्राप्त कर लेते थे, तथा उसकी बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी हासिल कर लेते थे। वास्तविक हैकिंग का भय उत्पन्न कराने हेतु कंप्यूटर स्क्रीन को ब्लैक कर देते थे। जिससे पीड़ित उनकी बातों में आ जाते थे। इसके बाद ये लोग पीड़ितों से 100 से 500 डॉलर अपने खाते में ट्रांसफर करवा लेते थे। उन्होंने बताया कि बदमाशों ने यूरोप व अमेरिका सहित कई देशों के नागरिकों के साथ ठगी करनी स्वीकार की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

