टायरों में छिपाकर ले जाई जा रही 1530 लीटर प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त
सीवान,10 जून (हि.स.)। उत्पाद विभाग की टीम ने बुधवार को नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुठनी थाना क्षेत्र स्थित गुठनी चेक पोस्ट से भारी मात्रा में कोडीन फॉस्फेट युक्त प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया।
कार्रवाई के दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच तेज कर दी गई है। गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने गुजरात नंबर के एक डीसीएम ट्रक की जांच की। जांच के दौरान वाहन चालक टीम को देखकर ट्रक रोककर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन जवानों ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर ट्रक में रखे टायरों के भीतर छिपाकर रखी गई 1530 लीटर कोडीन फॉस्फेट युक्त कफ सिरप बरामद की गई।
उत्पाद विभाग के अनुसार बरामद सिरप प्रतिबंधित श्रेणी में आता है, जिसका इस्तेमाल नशे के लिए किया जाता है और यह एनडीपीएस एक्ट के तहत नियंत्रित पदार्थ है। जब्त सिरप की अनुमानित बाजार कीमत करीब 4.59 लाख रुपये आंकी गई है।गिरफ्तार तस्कर की पहचान गुजरात के अहमदाबाद जिले के वटवा थाना क्षेत्र स्थित वटवा नवजीवन निवासी चंद्रभूषण पांडेय के पुत्र दिलीप कुमार पांडेय के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि प्रतिबंधित कफ सिरप गुजरात से लाकर पूर्णिया पहुंचाई जा रही थी। उसने बताया कि पूर्णिया स्थित जय गुरु मेडिकल एजेंसी को इसकी डिलीवरी दी जानी थी। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि इससे पहले भी वह इस तरह की खेप की तस्करी कर चुका है।
उत्पाद विभाग के अधिकारियों के अनुसार पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं। तस्कर ने खेप के मालिक, डिलीवरी लेने वाले व्यक्ति और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी दी है। इन सुरागों के आधार पर विभाग अब पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की तैयारी में जुट गया है। सूत्रों के अनुसार गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पूर्णिया में भी जल्द छापेमारी की जा सकती है।
क्या बोले उत्पाद अधीक्षक
उत्पाद अधीक्षक विपिन कुमार ने बताया कि गुठनी चेक पोस्ट से प्रतिबंधित कोडीन युक्त सिरप की बड़ी खेप बरामद की गई है। मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

