home page

सेवानिवृत कर्मचारी से मकान बेचने के नाम पर 15.75 लाख की ठगी

 | 
सेवानिवृत कर्मचारी से मकान बेचने के नाम पर 15.75 लाख की ठगी


मुरादाबाद, 09 जुलाई (हि.स.)। मझोला थाना क्षेत्र निवासी सिंचाई विभाग के रिटायर्ड कर्मचारी से एक व्यक्ति ने मकान बेचने के नाम पर 15 लाख 75 हजार रुपये लेकर हड़प लिए। रकम मांगने पर आरोपित ने जान से मारने की धमकी देनी शुरू कर दी। शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक नगर ने गुरुवार काे बताया कि अमानत में खयानत और धमकी देने का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना मझोला के प्रकाशनगर निवासी राजकुमार सिंह ने मझोला के ही मानपुर नारायणपुर निवासी जितेंद्र कुमार शर्मा के खिलाफ केस दर्ज कराया है। दर्ज रिपोर्ट में राजकुमार सिंह ने बताया कि वह सिंचाई विभाग के नलकूप खंड-प्रथम से 31 मार्च 2023 को सिंचाई पर्यवेक्षक के पद से रिटायर हुए थे।

राजकुमार सिंह के अनुसार विकास नगर निवासी अरुण प्रताप सिंह मध्य गंगा निर्माण खंड-15 में वरिष्ठ सहायक के पद पर तैनात हैं। अरुण प्रताप सिंह ने उन्हें जितेंद्र कुमार शर्मा से मिलवाया और बताया कि जितेंद्र अपना मकान बेच रहे हैं। राजकुमार के अनुसार सूर्य नगर मानपुर नारायणपुर में स्थित जितेंद्र शर्मा का मकान उन्हें पसंद आ गया और 23 लाख रुपये में सौदा तय हो गया। इसके बाद 10 मई 2023 से 29 मई 2024 के बीच जितेंद्र कुमार ने राजकुमार से कुल 15 लाख 75 हजार रुपये ऑनलाइन और नकद माध्यम से लिए। रकम लेने के बाद बैनामा करने के लिए कहने पर आरोपी टालमटोल करने लगा। कहने लगा कि मैं अपना मकान बना रहा हूं, उसे बनाने के बाद आपको बैनामा कर दूंगा। राजकुमार सिंह के अनुसार बाद में आरोपी जितेंद्र कुमार ने जो नया मकान बनाया था उसे किसी और को बेच दिया। जो मकान राजकुमार को बेचने के लिए उनसे पैसे लिए थे उसकी मरम्मत कराके उसी में रहने लगा। इसके बाद बैनामे के लिए कहने पर आरोपी ने धमकी देनी शुरू कर दी।

मामले में पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर सिविल लाइंस थाने में आरोपित जितेंद्र कुमार शर्मा के खिलाफ अमानत में खयानत और धमकी देने का केस दर्ज किया गया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएगा उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल