home page

डेढ़ किलो ब्राउन शुगर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

 | 
डेढ़ किलो ब्राउन शुगर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार


मालदा, 21 अगस्त (हि. स.)। मालदा थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से करीब डेढ़ किलोग्राम प्रतिबंधित ब्राउन शुगर बरामद की गई। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक चार पहिया गाड़ी भी जब्त की है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान ताहिर शेख (25) और साहिल शेख (20) के रूप में हुई है। दोनों कालियाचक के गोलापगंज इलाके के निवासी बताए गए हैं। शुक्रवार को दोनों आरोपितों को पुलिस हिरासत में लेने की मांग के साथ मालदा जिला अदालत में पेश किया गया।

बताया गया है कि गुरुवार देर रात दोनों आरोपित चार पहिया वाहन लेकर ओल्ड मालदा के नारायणपुर झांझरा मोड़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-12 पर कथित तौर पर ब्राउन शुगर की डिलीवरी करने पहुंचे थे। पूर्व सूचना के अनुसार पुलिस ने इलाके में विशेष अभियान चलाया।पुलिस की गाड़ी देखते ही दोनों आरोपितों ने वाहन लेकर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। वाहन और आरोपितों की तलाशी लेने पर करीब डेढ़ किलो ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल वाहन को भी जब्त कर लिया।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि नारायणपुर झांझरा मोड़ इलाके का इस्तेमाल मादक पदार्थों की डिलीवरी के लिए एक सुरक्षित कॉरिडोर के रूप में किया जा रहा था। पुलिस के अनुसार, यहां से ब्राउन शुगर को बिहार या अन्य राज्यों में भेजने की योजना थी।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार