एरिया डोमिनेशन अभियान में 1 हजार 461 गिरफ्तारी
जयपुर, 05 मई (हि.स.)। शहर में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट जयपुर द्वारा चलाए गए तीन दिवसीय ‘एरिया डोमिनेशन’ अभियान में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। 2 मई से 4 मई तक चले इस विशेष ऑपरेशन में पुलिस ने 1461 वांछित एवं असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार कर अपराधियों में हड़कंप मचा दिया।
पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के मार्गदर्शन तथा विशेष पुलिस कमिश्नर (ऑपरेशन्स) ओमप्रकाश के निर्देशन में यह अभियान संचालित किया गया। पुलिस उपायुक्त (अपराध) संजीव नैन के सुपरविजन में जयपुर के पूर्व, पश्चिम, उत्तर और दक्षिण जिलों में एक साथ व्यापक स्तर पर कार्रवाई की गई।
अभियान के तहत सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों और जवानों की कुल 503 टीमों का गठन किया गया, जिन्होंने 1 हजार 793 स्थानों पर दबिश देकर अपराधियों की धरपकड़ की। वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं टीमों को ब्रीफ कर मैदान में उतारा, जिससे अभियान को प्रभावी रूप मिला।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि सभी डीसीपी को हार्डकोर अपराधियों, हिस्ट्रीशीटर, आदतन अपराधी, महिला अत्याचार के मामलों में वांछित, जघन्य अपराधों में फरार, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, साइबर अपराध, इनामी अपराधी, स्थायी वारंटी, भगोड़े एवं अन्य वांछित अपराधियों की अलग-अलग सूची तैयार कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
इस अभियान के दौरान 1 हजार 461 वांछित एवं असामाजिक तत्व गिरफ्तार किए। जिनमें 106 स्थायी वारंटी एवं उद्घोषित अपराधी ,24 हिस्ट्रीशीटर,11 जघन्य अपराधों में वांछित अपराधी,44 सामान्य अपराधों में वांछित और 1004 व्यक्तियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया गया। इस विशेष ड्राइव में पुलिस लाइन, डीएसटी, थानों एवं कार्यालयों के कार्मिकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की गई। अभियान का उद्देश्य न केवल वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, बल्कि शहर में कानून का भय स्थापित करना भी था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

