अमेठी में एक घर से 1400 लीटर अवैध डीजल बरामद, कालाबाजारी की आशंका
अमेठी, 28 मार्च (हि.स.)। जनपद अमेठी में अवैध रूप से डीजल के भंडारण का बड़ा मामला सामने आया है। तहसील प्रशासन से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम पंचायत क्षेत्र भरेथा के पूरे गणेश में छापेमारी कर करीब 1400 लीटर डीजल बरामद किया। इसके संबंध में अमेठी कोतवाली पुलिस के द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की रात्रि करीब साढ़े 11 बजे उपजिलाधिकारी अमेठी आशीष कुमार सिंह द्वारा दी गई सूचना पर पुलिस टीम ने पूरे गणेश मजरे भरेथा निवासी दयाराम यादव के आवास पर छापेमारी कर करीब 1400 लीटर अवैध डीजल का भंडारण अपने कब्जे में ले लिया। छापेमारी के दौरान पाया गया कि दयाराम यादव द्वारा अपने घर के पीछे ट्रॉली, छोटे डिब्बों और बड़े प्लास्टिक ड्रमों में भारी मात्रा में डीजल संग्रहित किया गया था। पूछताछ में संबंधित व्यक्ति ने बताया कि उसने यह डीजल अपने ट्रैक्टर और अन्य कृषि उपकरणों के उपयोग के लिए खरीदा था, लेकिन इतनी बड़ी मात्रा में बिना लाइसेंस भंडारण करना नियमों के विरुद्ध पाया गया। पुलिस की प्राथमिक जांच में यह भी आशंका जताई जा रही है कि डीजल का भंडारण कालाबाजारी के उद्देश्य से किया गया था। पुलिस ने मौके से बरामद डीजल को जब्त कर नजदीकी पेट्रोल पंप की सुपुर्दगी में दे दिया है।
साथ ही, डीजल के नमूने को विधि विज्ञान प्रयोगशाला में जांच के लिए सुरक्षित कर लिया गया है।
इस मामले में खाद्य एवं रसद विभाग के पूर्ति निरीक्षक की तहरीर पर अमेठी कोतवाली में आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस मामले में अमेठी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार सिंह ने शनिवार को बताया कि मुखबिर खास की सूचना के आधार पर छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध डीजल बरामद किया गया है। इसके संबंध में थाने पर मुकदमा पंजीकृत करने की विधिक कार्यवाही की जा रही है। इसके साथ ही इस बात की भी जानकारी की जा रही है कि इतनी भारी मात्रा में पेट्रोल पंप कर्मियों के द्वारा कैसे पानी की टंकी में डीजल दिया गया। इस मामले की गहन जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

