अनूपपुर: दो पिकअप में 14 मवेशी,दम घुटने से एक भैंस की मौत, पुलिस की घेराबंदी तोड़कर भागे तस्कर
अनूपपुर, 22 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में की जैतहरी पुलिस ने शनिवार शाम नाकाबंदी कर दो पिकअप गाड़ियों से 14 मवेशियों (भैंस-पाड़ा) को मुक्त कराया। तस्करों की क्रूरता के कारण एक भैंस की दम घुटने से मौत हो गई। वहीं पुलिस की घेराबंदी तोड़कर तस्कर भाग गये।
थाना प्रभारी गोकुलानंद पाण्डेय ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो पिकअप वाहनों में मवेशियों को क्रूरतापूर्वक भरकर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही जैतहरी और वेंकटनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने टकहुली-पचौहा रोड पर नाकाबंदी की।ऑक्सीजन प्लांट की तरफ से आ रही तेज रफ्तार गाड़ियों को पुलिस ने रोकने का इशारा किया, लेकिन चालकों ने रफ्तार बढ़ा दी। पुलिस टीम ने पीछा किया, तो घबराकर तस्कर जंगल के पास गाड़ियां छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
16 लाख से अधिक का माल जब्त
पुलिस ने दोनों गाड़ियों की तलाशी ली, तो उनमें मवेशी बेहद बेरहमी से रस्सियों से बंधे मिले। पहली गाड़ी से 7 लाख की पिकअप और 3.50 लाख के मवेशी (3 पाड़ा, 4 भैंस) जब्त किए गए। वहीं दूसरी गाड़ी में हवा की कमी के कारण एक भैंस की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। इस गाड़ी से 5 लाख की पिकअप और 60 हजार रुपए के मवेशी जब्त हुए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालकों की तलाश की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

