home page

14 साल से फरार उद्घोषित अपराधी उत्तराखंड से गिरफ्तार

 | 
14 साल से फरार उद्घोषित अपराधी उत्तराखंड से गिरफ्तार


नाहन, 21 अगस्त (हि.स.)। जिला सिरमौर पुलिस की पीओ सेल टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 14 साल से फरार चल रहे एक उद्घोषित अपराधी को उत्तराखंड के विकासनगर से गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार पीओ सेल की टीम ने 21 अगस्त को पुलिस थाना पांवटा साहिब में दर्ज अभियोग संख्या 352/2012 के मामले में वांछित विजय कुमार उर्फ विक्की पुत्र शावणू राम, निवासी पुरुवाला, जिला सिरमौर को विकासनगर से गिरफ्तार किया।

आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 457 और 380 के तहत मामला दर्ज है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पिछले करीब 14 वर्षों से फरार चल रहा था और उसकी लगातार तलाश की जा रही थी।

पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उसके खिलाफ आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। उसे नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

जिला सिरमौर पुलिस द्वारा लंबे समय से फरार आरोपियों और उद्घोषित अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पीओ सेल टीम को यह सफलता मिली है।

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर