मुरादाबाद में 13.56 लाख रुपये की साइबर ठगी में तीन पर मुकदमा दर्ज
मुरादाबाद, 13 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर दर्ज शिकायत की जांच के दौरान साइबर क्राइम थाना और भोजपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने 13.56 लाख रुपये की साइबर ठगी से जुड़े मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने तीन नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, एनसीआरपी पर दर्ज शिकायत की जांच में बंधन बैंक के एक खाते में संदिग्ध लेनदेन सामने आया। बैंक रिकॉर्ड और केवाईसी दस्तावेजों की जांच में खाता भोजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सरदार नगर निवासी शहनशाह अली के नाम पर पाया गया। जांच में सामने आया कि साइबर ठगी से संबंधित 13.56 लाख रुपये उक्त खाते में जमा हुए थे।
आरोप है कि खाताधारक ने राशि का कुछ हिस्सा दूसरे खाते में स्थानांतरित कर दिया, जबकि शेष रकम चेक और विभिन्न यूपीआई खातों के माध्यम से निकाल ली गई। पुलिस जांच में भोजपुर क्षेत्र निवासी आसिम और रामपुर जनपद निवासी मुजम्मील के नाम भी प्रकाश में आए हैं। आरोप है कि दोनों लोगों को बैंक खाते उपलब्ध कराने और ठगी से प्राप्त धनराशि के लेनदेन में इस्तेमाल करते थे।
पुलिस अधीक्षक अपराध व साइबर क्राइम के नोडल अधिकारी सुभाषचंद्र गंगवार ने बताया कि साइबर क्राइम थाने के उपनिरीक्षक अंकुर सिंह की तहरीर पर थाना भोजपुर में तीनों आरोपितों के खिलाफ सोमवार को मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक शराफत हुसैन को सौंपी गई है। पुलिस टीमें आरोपितों की तलाश में जुट गइ है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

