home page

चोरी की कार में तस्करी, 134 किलो डोडा-पोस्त बरामद

 | 
चोरी की कार में तस्करी, 134 किलो डोडा-पोस्त बरामद


जोधपुर, 01 मई (हि.स.)। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने बिलाड़ा थाना क्षेत्र से 134.895 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद कर तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कार डिवाइडर कूदाकर भागने की कोशिश की, लेकिन एएनटीएफ ने उसे पीछा कर पकड़ लिया। उसकी कार से अलग-अलग नंबर प्लेटें मिलीं। वह चोरी की कारों से तस्करी करता था। उसके पास चोरी की एक लक्जरी कार है।

एएनटीएफ के डीआईजी अभिजीत सिंह ने बताया कि टीम नागौर को सूचना मिली थी कि एक कार में बड़ी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ का परिवहन हो रहा है। पड़ताल में पता चला कि कार जोधपुर-जयपुर नेशनल हाईवे नंबर 25, थाना बिलाड़ा के खारिया मीठापुर से गुजरेगी। इस पर थाना बिलाड़ा में नाकाबंदी शुरू कर दी गई। नाकाबंदी के दौरान दूर से तेज गति से एक कार आती दिखी। टीम ने कार रोकने का इशारा किया तो चालक ने कार को तेज गति से डिवाइडर के ऊपर से कूदाकर गलत दिशा में दौड़ाने लगा। डिवाइडर पर चढऩे से कार के आगे के टायर बेकार हो गए। एएनटीएफ टीमों ने कार का पीछा करते हुए उसे सरहद पिचियाक, नेशनल हाईवे नंबर 25 पर रोक लिया। स्थानीय पुलिस को बुलाकर कार की तलाशी ली गई, जिसमें अवैध मादक पदार्थ डोडा पोस्त बरामद हुआ।

आरोपी की पहचान झंवर थाना क्षेत्र निवासी मनीष विश्नोई के रूप में हुई। कार की तलाशी में अलग-अलग नंबरों की नंबर प्लेटें मिलीं। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि तस्करी के दौरान पुलिस से बचने के लिए रास्ते में कार के नंबर प्लेट बदल लेता था। आरोपित ने बताया कि वह डोडा पोस्त की तस्करी में चोरी की कारों का उपयोग करता था। जिस कार को जब्त किया गया, वह भी चोरी की बताई गई।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश