13 वर्षीय किशोर पर पांच साल के मासूम की हत्या का आरोप
अलीपुरद्वार, 19 नवंबर (हि. स.)। जिले के कुमारग्राम में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। यहां 13 वर्षीय एक किशोर पर अपने पांच वर्षीय पड़ोसी बच्चे की धारदार हथियार से हत्या करने का आरोप लगा है। आरोप है कि हत्या के बाद उसने बच्चे के शव को रायडाक नदी के किनारे स्थित एक नींबू के बागान में छिपा दिया। गुरुवार को जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि खेल को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद के चलते किशोर ने कथित तौर पर इस वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, हत्या के पीछे की इस वजह को लेकर पुलिस अधिकारी भी पूरी तरह आश्वस्त नहीं हैं। फिलहाल आरोपित किशोर को हिरासत में लेकर जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम तक पांच वर्षीय बच्चा घर नहीं लौटा तो उसकी मां ने उसकी तलाश शुरू की। परिवार के लोगों ने भी आसपास खोजबीन की। आखिरी बार बच्चे को इसी किशोर के साथ देखा गया था। जब मां ने उससे बच्चे के बारे में पूछा तो उसने अनजान होने की बात कही। इसी दौरान मां ने देखा कि किशोर के हाथ में एक धारदार भुजाली (चाकू) थी। हालांकि, उस समय वह इस बात पर ज्यादा ध्यान नहीं दे पाईं।
रात करीब नौ बजे तक बच्चे का कोई सुराग नहीं मिलने पर मां कामाख्यागुड़ी पुलिस चौकी पहुंची और पुलिस को किशोर के हाथ में धारदार हथियार होने की जानकारी दी। इस सुराग के आधार पर पुलिस ने किशोर से पूछताछ शुरू की।
पुलिस का दावा है कि बुधवार देर रात लगातार पूछताछ के दौरान उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने नदी किनारे स्थित नींबू के बागान से बच्चे का रक्तरंजित शव बरामद किया।
जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपित किशोर स्कूल छोड़ चुका है। उसकी मां दूसरी शादी कर अलग रहने लगी हैं, जबकि उसके पिता एक मामले में आरोपित होने के कारण जेल में बंद हैं। ऐसे में किशोर अपने मामा के घर रह रहा था। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान किशोर ने कथित तौर पर बेपरवाही से यह भी कहा कि वह आगे और हत्याएं करना चाहता है। उसके इस बयान से पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए।
पुलिस का दावा है कि इतनी गंभीर वारदात को अंजाम देने के बावजूद किशोर में पछतावे के कोई लक्षण नहीं दिखाई दिए। इस घटना पर अलीपुरद्वार जिला अस्पताल के मनोचिकित्सक डॉ. नीलाद्रि नाथ ने कहा कि किशोर निश्चित रूप से पारिवारिक परिस्थितियों और तनाव का शिकार रहा है, लेकिन इस वजह से हत्या जैसी घटना को अंजाम देना बेहद चौंकाने वाला है।
वहीं, अलीपुरद्वार के पुलिस अधीक्षक अमित कुमार साउ ने कहा कि पूरे घटनाक्रम ने पुलिस को स्तब्ध और चिंतित कर दिया है। पुलिस ने आरोपित किशोर का ब्रेन मैपिंग कराने का निर्णय लिया है। साथ ही मनोचिकित्सकों की मदद से उसकी काउंसलिंग भी कराई जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

