नशा मुक्त पश्चिम बंगाल अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई, 13 ड्रग तस्कर गिरफ्तार
कोलकाता, 10 सितंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने ‘नशा मुक्त पश्चिम बंगाल अभियान’ के तहत 12 दिनों तक चले विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 13 मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में 11 पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं।
एएनटीएफ की ओर से गुरुवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, विभिन्न स्थानों पर चलाए गए लक्षित अभियानों के दौरान भारी मात्रा में हेरोइन/ब्राउन शुगर और याबा टैबलेट जब्त किए गए हैं। अभियान के दौरान कुल 3.719 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता की हेरोइन/ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसकी अनुमानित अवैध बाजार कीमत सात करोड़ 43 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा, पुलिस ने 18 हजार 620 याबा (मेथामफेटामाइन) टैबलेट भी जब्त किए हैं। इनकी अनुमानित बाजार कीमत एक करोड़ आठ लाख 96 हजार रुपये आंकी गई है।
एएनटीएफ के अनुसार, जब्त किए गए सभी मादक पदार्थों की कुल अनुमानित अवैध बाजार कीमत आठ करोड़ 52 लाख 76 हजार रुपये है।
एसटीएफ की एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने इसे नशा मुक्त पश्चिम बंगाल अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण सफलता बताया है। मामले में गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है और मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

