home page

जयपुर में दो दिन में 1 हजार 286 गिरफ्तार: शराबियों और हुड़दंगियों पर पुलिस सख्त

 | 
जयपुर में दो दिन में 1 हजार 286 गिरफ्तार: शराबियों और हुड़दंगियों पर पुलिस सख्त


जयपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने, शांति व्यवस्था भंग करने और आमजन को परेशान करने वालों के खिलाफ जयपुर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के निर्देशन में शनिवार को कमिश्नरेट के चारों जिलों में विशेष अभियान चलाकर 60 पुलिस एक्ट के तहत 757 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आमजन को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चारों जिलों में एक साथ अभियान चलाया गया। इसके तहत पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, हुड़दंग करने और असामाजिक गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की।

इस अभियान के दौरान जयपुर पश्चिम जिले में सर्वाधिक 323 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, जयपुर पूर्व जिले में 201, दक्षिण जिले में 126 और उत्तर जिले में 107 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस प्रकार चारों जिलों में कुल 757 गिरफ्तारियां की गईं।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले शुक्रवार को भी जयपुर पुलिस ने अभियान के तहत 529 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था प्रभावित करने और आमजन के लिए असुविधा उत्पन्न करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश