कोटा में 126 किलो 740 ग्राम डोडा चूरा बरामद, पुलिस की आहट से तस्कर माल छोड़कर फरार
कोटा, 26 जुलाई (हि.स.)। जिले की सांगोद थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 126 किलो 740 ग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद किया है। यह कार्रवाई रात्रि गश्त के दौरान माल बावड़ी के पास कोटड़ी रोड स्थित एक खेत के किनारे की गई। पुलिस की आहट मिलते ही तस्कर नौ कट्टों में भरा डोडा चूरा खेत में छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए कार से फरार हो गए।
पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहां काले रंग के कुल नौ कट्टे मिले। जांच करने पर सभी कट्टों में अवैध मादक पदार्थ डोडा चूरा भरा हुआ पाया गया। बरामद डोडा चूरे का कुल वजन 126 किलो 740 ग्राम निकला, जिसे नियमानुसार जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में तस्करों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि क्षेत्र में लगातार की जा रही प्रभावी रात्रि गश्त के कारण तस्कर घबरा गए और मादक पदार्थ से भरे कट्टों को खेत में छोड़कर वाहन से फरार हो गए।
सांगोद थाना पुलिस ने अज्ञात तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

