home page

नवादा में कार से अंग्रेजी शराब बरामद, तस्कर गिरफ्तार

 | 
नवादा में कार से अंग्रेजी शराब बरामद, तस्कर गिरफ्तार


नवादा, 09 अगस्त (हि.स.)।बिहार-झारखंड सीमा पर स्थित चित्रकोली उत्पाद जांच चौकी पर उत्पाद विभाग की टीम ने रविवार को वाहन जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लग्जरी कार से 124.20 लीटर विदेशी शराब बरामद की है।

शराब तस्करी के लिए कार में बनाए गए गुप्त तहखानों का खुलासा होने के बाद जांच टीम भी हैरान रह गई। मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार कर कार को जब्त कर लिया गया है।

उत्पाद विभाग की टीम झारखंड की ओर से बिहार में प्रवेश करने वाले वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान कार संख्या डब्लू बी38यू5009 को संदेह के आधार पर रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार के विभिन्न हिस्सों में विशेष तरीके से बनाए गए कई गुप्त तहखाने मिले। इन्हीं तहखानों में शराब की बोतलों को छिपाकर बिहार लाया जा रहा था। टीम ने सभी तहखानों से शराब बरामद कर वाहन को जब्त कर लिया।

चित्रकोली उत्पाद चेकपोस्ट प्रभारी अमृत गुप्ता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान नालंदा जिले के सोहसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत मोगलकुआं गांव निवासी स्वर्गीय ललन पासवान के 34 वर्षीय पुत्र राहुल पासवान के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे यह कार झारखंड के बरकट्ठा में ‘चांद’ नामक व्यक्ति ने दी थी और कार को बिहार तक पहुंचाने को कहा गया था।

आरोपी ने पूछताछ के दौरान चांद का मोबाइल नंबर भी जांच टीम को उपलब्ध कराया है। अब उक्त मोबाइल नंबर के आधार पर शराब तस्करी के नेटवर्क की जांच की जा रही है।

कार को जब्त कर आरोपी के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चित्रकोली चेकपोस्ट पर वाहनों की सघन जांच लगातार जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन