home page

अनूपपुर: 12 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, यूट्यूब पर खोजा था तरीका

 | 
अनूपपुर: 12 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, यूट्यूब पर खोजा था तरीका


अनूपपुर, 05 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले चचाई थाना क्षेत्र के अमलाई शनिचरी बाजार में बुधवार को 12 वर्षीय छात्र लक्ष्य दास ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब परिजनों ने छात्र के कमरे का दरवाजा बंद देखा तो खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां वह फंदे से लटका मिला। परिजनों द्वारा अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के चाचा अजय दास के अनुसार स्वामी विवेकानंद स्कूल में कक्षा 6वीं का छात्र लक्ष्य सुबह अपने दादा से मोबाइल लेकर कमरे में गया था। कमरा खोलने पर मोबाइल में यूट्यूब पर फांसी लगाने से जुड़े वीडियो सर्च होना पाए गए। छात्र ने गमछे और दुपट्टे का फंदा बनाकर यह कदम उठाया।

छोटे चाचा अजय दास ने बताया कि आज सुबह जागने के बाद किशोर अपने दादा बिंदेश्वर दास के पास गया और उनसे मोबाइल लिया। दादा रोज की तरह टहलने के लिए बाहर जा रहे थे। मोबाइल देने के बाद वे टहलने चले गए। इसके बाद किशोर अपने कमरे में चला गया। वहां उसने यूट्यूब पर फांसी लगाने का तरीका सर्च किया और गमछे व दुपट्टे को जोड़कर फंदा बनाया। इसके बाद पंखे से फंदा लगाकर झूल गया। कमरा खोलने पर मोबाइल में इस संबंध में वीडियो सर्च किए जाने की जानकारी सामने आई।

चाचा अजय दास ने बताया कि किशोर पिछले कुछ माह से मानसिक रूप से परेशान था। वह अक्सर कहता था कि उसके दोस्त और गली के कुछ लोग उसे ताने मारते हैं।

माता-पिता के बीच वैवाहिक विवाद को लेकर मामला चल रहा है। इसमें छह माह तक पत्नी को पति के साथ रहने के निर्देश दिए गए थे। पिता कपड़े की फेरी का कारोबार करते हैं और परिवार से अलग पेंड्रा (छत्तीसगढ़) में मंझली बेटी के साथ रहते हैं। वहीं, मां के साथ बड़ी बेटी और सबसे छोटा पुत्र रहता था। दादा-दादी और परिवार के अन्य सदस्य भी पास ही स्थित घर में रहते हैं। जानकारी के अनुसार, आज किशोर की सबसे बड़ी बहन का जन्मदिन भी है।

सूचना मिलने पर चचाई थाना पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचकर शव का पंचनामा तैयार कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला