दो अलग-अलग स्थानों पर संचालित जुआ फड़ों से 12 जुआरी पकड़ाए
जगदलपुर, 02 अगस्त (हि.स.)। जिले के थाना बोधघाट क्षेत्र से दो अलग-अलग स्थानों पर संचालित जुआ फड़ों पर छापेमारी में 12 जुआरियों को आज रविवार काे रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से नगदी, मोबाइल फोन, ताश के पत्ते और तीन वाहन जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है, ताकि इस अवैध गतिविधि से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा सके।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीती रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि आकाश नगर चौक और आकाश नगर स्थित पानी टंकी के पास कुछ लोग बड़े पैमाने पर ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर थाना बोधघाट पुलिस एवं पैंथर टीम-01 एवं टीम-02 की संयुक्त टीम ने दोनों स्थानों पर एक साथ दबिश दी। पुलिस को देखकर जुआ खेल रहे लोग भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन घेराबंदी कर सभी 12 आरोपितों को मौके से पकड़ लिया गया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 44,080 नकद, ताश के 52-52 पत्तों के दो सेट, दो दरियां, 12 मोबाइल फोन, एक बुलेट, एक पल्सर एनएस और एक एक्टिवा जब्त की। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 5,36,080 बताई गई है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक लोकेश्वर नाग, सहायक उपनिरीक्षक दिनेश उसेंडी, प्रधान आरक्षक सुनील मनहर, अखिलेश नाग, लखेश्वर बघेल, आरक्षक युवराज ठाकुर, कामदेव दर्रो, संदीप राणा, विद्या भूषण, चालक मानकू कोर्राम तथा पैंथर टीम-01 और टीम-02 के जवानों का याेगदान रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

