प्रधानमंत्री आवास योजना का झांसा देकर साइबर ठगी करने वाले 12 अभियुक्त गिरफ्तार
कानपुर, 14 जुलाई (हि.स.)। 'साइबर वज्र' अभियान के तहत दक्षिण जोन की रेउना थाना पुलिस ने साइबर ठगी करने वाले 12 अभियुक्ताें को गिरफ्तार किया हैं। ये लाेग प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगी करते थे।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने मंगलवार काे बताया कि एनसीआरपी, प्रतिबिंब और समन्वय पोर्टल पर लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर रेउना थाना पुलिस को गिरसी नहर पुल के पास स्थित पुरानी नहर कोठी में साइबर ठगी करने वाले गिरोह की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके से 12 अभियुक्ताें को गिरफ्तार कर लिया।
इन अभियुक्ताें में रेउना निवासी अतुल कुशवाहा, देहली निवासी नितेश, सजेती निवासी दीपक कुमार, दहेली निवासी माेहित, संजय, दुर्गादेवी का पुरवा निवासी पवन, नीलेश, अंकित, साजन, राजपु मजरा मवई निवासी चंदन सिंह, साजन सिंह और चंदनपुर निवासी कमलेश सिंह शामिल है। पुलिस ने अभियुक्ताें के कब्जे से सात स्मार्ट मोबाइल फोन, तीन कीपैड मोबाइल और 3,780 रुपये नकद बरामद किया हैं।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपित संगठित तरीके से फर्जी सिम और मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर लोगों को निशाना बनाते थे। पहले वे ट्रूकॉलर और डिजिटल भुगतान एप के माध्यम से लोगों की जानकारी जुटाते, फिर खुद को आवास विकास विभाग का कर्मचारी बताकर प्रधानमंत्री आवास योजना में मकान स्वीकृत होने का झांसा देते थे। इसके बाद पंजीकरण शुल्क के नाम पर ऑनलाइन रुपये अपने खातों में मंगवा लेते थे।
गिरोह का दूसरा तरीका लोगों को पुलिस अधिकारी बनकर डराना था। आरोपित फोन कर अश्लील वीडियो देखने का आरोप लगाते, पुलिस सायरन की आवाज सुनाकर गिरफ्तारी की धमकी देते और कार्रवाई से बचाने के नाम पर रुपये ऐंठ लेते थे। पुलिस का कहना है कि आरोपितों ने इसी तरीके से कई लोगों को अपना शिकार बनाया। पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही उनके बैंक खातों, मोबाइल डेटा और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है ताकि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी की जा सके। गिरोह के बैंक खातों, मोबाइल फोन और डिजिटल लेनदेन की जांच की जा रही है। इससे पहले भी अभियान के तहत 21 साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

