home page

मंदसौर पुलिस का बड़ा ऑपरेशन: कॉम्बिंग गश्त में 116 वारंटी गिरफ्तार, 65 किलो डोडाचूरा और पिकअप वाहन जब्त

 | 


मंदसौर, 1 जुलाई (हि.स.)। अपराधियों और फरार वारंटियों पर शिकंजा कसने के लिए मध्य प्रदेश के मंदसौर पुलिस ने मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात जिलेभर में बड़े स्तर पर कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने 116 वारंटियों को गिरफ्तार किया। वहीं गरोठ थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए करीब 65 किलो डोडाचूरा और परिवहन में इस्तेमाल पिकअप वाहन जब्त किया गया।

पुलिस ने बताया कि अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टीएस बघेल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (गरोठ) रामसनेह मिश्रा के मार्गदर्शन में चलाया गया। इसमें जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना और चौकी प्रभारी सहित 450 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।

कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने 69 स्थायी वारंटियों को पकड़ा। इनमें धारा 138 के 18, विद्युत अधिनियम के 32 और अन्य मामलों के 19 वारंटी शामिल हैं। इसके अलावा 36 गिरफ्तारी वारंटियों को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने अभियान के दौरान 65 निगरानी बदमाश, 70 गुंडा-बदमाश सहित कुल 135 हिस्ट्रीशीटर, गुंडा और जिलाबदर बदमाशों की जांच की।

गरोठ में डोडाचूरा सहित पिकअप जब्त

गरोठ थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 64 किलो 930 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया। पुलिस ने डोडाचूरा परिवहन में इस्तेमाल पिकअप वाहन भी जब्त किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

इसके अलावा अभियान के दौरान अवैध शराब के 11 प्रकरण दर्ज कर 16 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। आरोपितों के कब्जे से 57.24 लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 22 हजार 840 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा 151 के तहत 14 मामलों में 18 लोगों पर कार्रवाई की। मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 10 चालान बनाकर 5 हजार रुपये का समन शुल्क वसूला गया। वहीं जुआ-सट्टा के 10 मामलों में 15 आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 17 हजार 150 रुपये जब्त किए गए।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया