33 लाख कीमत के खोए हुए 110 मोबाइल बरामद
जोधपुर, 03 अपै्रल (हि.स.)। जोधपुर कमिश्नरेट की साइबर सेल और जिला पश्चिम के विभिन्न पुलिस थानों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए संचार साथी (सीईआईआर) पोर्टल की मदद से 110 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को लौटाया है।
डीसीपी (पश्चिम) कमल शेखावत ने बताया कि बरामद किए गए मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत करीब 33 लाख रुपए है। मोबाइल वापस मिलने पर परिवादियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक उठी। उन्होंने बताया कि संचार साथी (सीईआईआर) पोर्टल के माध्यम से अब तक जिला जोधपुर पश्चिम में कुल 820 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर संबंधित परिवादियों को लौटाए जा चुके हैं।
यह पहल आमजन के लिए काफी राहतकारी साबित हो रही है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल खोने या चोरी होने की स्थिति में तुरंत सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते मोबाइल को ट्रैक कर बरामद किया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

