home page

बंद घर का ताला तोड़ 10 लाख की चोरी, जांच में जुटी पुलिस

 | 
बंद घर का ताला तोड़ 10 लाख की चोरी, जांच में जुटी पुलिस


नवादा, 26 जून (हि.स.)। जिले के सिरदला थाना क्षेत्र के परनपुर गांव में 10 लाख रुपये मूल्य के सामानों की चोरी की जांच पुलिस ने शुक्रवार को वैज्ञानिक तरीके से शुरू कर दी है। गुरुवार देर रात चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। जिसकी सूचना गृह स्वामी ने शुक्रवार को पुलिस को दी। जिसके बाद जांच शुरू की गई ।

चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ने के बाद घर के अंदर रखे गोदरेज, अलमारी, बक्सा और पेटियों को तोड़कर कीमती जेवरात,सामान , रुपये समेट लिया। गृह स्वामी चन्दन कुमार ने बताया कि लभगग 10 लाख रुपए की चोरी हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

चंदन कुमार ने बताया कि वे वर्तमान में अपने परिवार के साथ झारखंड के रामगढ़ जिले के कुज्जू में नौकरी करते हैं। परिवार के अधिकांश सदस्य रोजगार के कारण बाहर रहते हैं। पिता की तबीयत खराब होने के कारण उन्हें इलाज के लिए अपने साथ रामगढ़ ले गए थे। करीब एक माह पहले किसी पारिवारिक घटना के कारण सभी लोग गांव आए थे, लेकिन बाद में वापस अपने-अपने कार्यस्थल लौट गए।

चंदन कुमार ने बताया कि घर की देखरेख की जिम्मेदारी गांव के ही गंगा राम को दी गई थी। वे दिन में घर की निगरानी करते थे, लेकिन बिजली नहीं रहने के कारण रात में अपने घर जाकर सो जाते थे। शुक्रवार को गंगा राम ने ही फोन कर चोरी की सूचना दी। चंदन ने बताया कि उन्हें घर के अंदर का वीडियो भेजा गया है, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि चोरों ने घर के हर कमरे में जमकर उत्पात मचाया। किचन से लेकर बेडरूम तक सभी कमरों के दरवाजे तोड़े गए हैं और ताले काटकर अलमारी, गोदरेज व बक्सों को तोड़कर कीमती सामान ले जाया गया है। लेकिन 10 लाख रुपए का अनुमान लगाया जा रहा है।

चंदन कुमार ने यह भी आरोप लगाया कि घर में लंबे समय से बिजली की समस्या बनी हुई थी। उन्होंने बताया कि बिजली बहाल कराने के लिए एक जून 2026 को रजौली विद्युत विभाग के कनीय अभियंता एवं सहायक अभियंता को लिखित आवेदन दिया गया था, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उनका कहना है कि यदि घर में बिजली रहती तो रात में निगरानी संभव होती और शायद यह चोरी नहीं होती।

सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम के पदाधिकारी हिमांशु पटेल एवं सिपाही अस्तूरण देवी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन