टेंपो में छिपाकर लाई जा रही 106.25 लीटर विदेशी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
किशनगंज, 29 सितंबर (हि.स.)। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में ठाकुरगंज थाना पुलिस ने वाहन जांच के दौरान एक टेंपो में छिपाकर ले जाई जा रही 106.25 लीटर विदेशी शराब बरामद की है।
पुलिस ने मौके से एक पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब अलग-अलग ब्रांड की बताई गई है। पुलिस ने शराब के साथ टेंपो और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। मंगलवार को पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 28 सितंबर को ठाकुरगंज पुलिस बस स्टैंड मोड़ के पास वाहन जांच कर रही थी।
इसी दौरान बंगाल की ओर से आ रहे एक टेंपो को पुलिस ने जांच के लिए रोका। पुलिस बल को देखते ही टेंपो का चालक और उसमें बैठी महिला उतरकर भागने लगे। दोनों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। पुलिस ने पूछताछ के बाद टेंपो संख्या BR37P6674 की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान टेंपो में छिपाकर रखे गए एक बड़े बैग से अलग-अलग ब्रांड की कुल 106.25 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।
इसके बाद पुलिस ने टेंपो सवार अपसार आलम, पिता समसूल आलम, ग्राम माखन पोखर, थाना पोठिया, किशनगंज तथा अनीता देवी, पति दीपक बंजारा, ग्राम जुराबगंज, थाना कोढ़ा, कटिहार को गिरफ्तार कर लिया। मामले में ठाकुरगंज थाना कांड संख्या 286/2026, दिनांक 28 सितंबर 2026 के तहत बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए) में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर शराब के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज का पता लगाने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि कारोबार से जुड़े अन्य तस्करों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी तथा अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति का पता लगाकर नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई भी की जाएगी। कार्रवाई में ठाकुरगंज थानाध्यक्ष अजय अमन, पुलिस अवर निरीक्षक नवनीत कुमार नमन, प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक सौरभ कुमार, अभिषेक कुमार चौधरी, स्नेही कुमारी सहित सशस्त्र बल एवं चालक शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

