home page

मुरादाबाद के एक हजार बैंक खातों का उपयोग साइबर ठगी में हुआ

 | 
मुरादाबाद के एक हजार बैंक खातों का उपयोग साइबर ठगी में हुआ


एक हजार से अधिक ऐसे खाते मिले हैं जिनमें दो करोड़ से अधिक की रकम पाई गई : एसपी क्राइम

मुरादाबाद, 16 जुलाई (हि.स.)। मुरादाबाद जिले के एक हजार बैंक खातों का उपयोग साइबर ठगी में हुआ है। उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिले समेत अन्य राज्यों में रह रहे लोगों से की गई साइबर ठगी की रकम इन खातों में भेजी गई है। नेशनल साइबर अपराध पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की जांच में इसका खुलासा हुआ है। मुरादाबाद में एक सप्ताह में 10 से 12 प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है और 5 आरोपित भी पकड़ लिए हैं जबकि अन्य मामलों में जांच चल रही है।

साइबर ऑपरेशन के तहत नेशनल साइबर अपराध पोर्टल पर दर्ज शिकायतों को मुरादाबाद के साइबर थाने की पुलिस ने चिन्हित किया। इसके बाद टीमों ने इन खातों की जांच की। जिसमें सामने आया है कि मुरादाबाद के एक हजार खातों को साइबर ठगी में इस्तेमाल किया गया है। जांच में यह बात भी सामने आई है कि यह म्यूल खाते हैं और इन खातों को खोलते समय जिन मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी का इस्तेमाल किया गया। उन्हें बाद में अपडेट करने के बाद उन पर दूसरे मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी दर्ज की गई है। कहीं फर्म के नंबर पर खाते खोले गए तो कहीं खाता धारक की बिना जानकारी के उसके दस्तावेज इस्तेमाल किए गए हैं। पुलिस ने इन खातों से जुड़े लोगों की पहचान शुरू कर दी है। साइबर थाने की अब तक जांच में सामने आया है कि इन खातों में करीब दो करोड़ से ज्यादा रकम आई है।

किसी खाते में एक हजार रुपये आए हैं तो किसी खाते में लाखों की रकम ट्रांसफर की गई है। यूपी के अलग अलग जिलों के अलावा दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, मुंबई, राजस्थान समेत अन्य राज्यों के शहरों में स्थित बैंक खातों से भी रकम ट्रांसफर की गई है। डिलारी, भोजपुर, कटघर, मझोला, मैनाठेर में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस अधीक्षक क्राइम व साइबर सेल के नोडल अधिकारी सुभाषचंद्र गंगवार ने गुरुवार को बताया कि नेशनल साइबर अपराध पोर्टल से मुरादाबाद के खातों को चिह्नित कर उनकी जांच की जा रही है। करीब एक हजार से अधिक ऐसे खाते मिले हैं जिनमें दो करोड़ से अधिक की रकम पाई गई है। पांच आरोपित पूर्व में गिरफ्तार किए गए चुके हैं ।अन्य की तलाश में टीम जुटी हुई हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल