home page

सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ निगम की कार्रवाई

 | 
सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ निगम की कार्रवाई


जयपुर, 5 दिसंबर (हि.स.)। शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने की मुहिम के तहत नगर निगम की स्वास्थ्य शाखा ने शुक्रवार को सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। उपायुक्त स्वास्थ्य प्रथम प्रवीण कुमार के नेतृत्व में टीम ने सिविल लाइन जोन के तीन इलाकों—हटवाड़ा सब्जी मंडी, शांति नगर और हरिपुरा मार्ग में दुकानों और ठेलों की जांच की। निरीक्षण में कई स्थानों पर प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग पाया गया, जिसके बाद निगम टीम ने 100 किलो प्लास्टिक जब्त कर 58,200 का चालान किया। इस दौरान निगम अधिकारियों ने मौके पर व्यापारियों को चेताया कि दोबारा उपयोग मिलने पर चालान की राशि कई गुना बढ़ाई जाएगी।

प्लास्टिक से शहर, पशु और इंसान सभी को नुकसान

कार्रवाई के बाद निगम टीम ने प्लास्टिक के पर्यावरण और स्वास्थ्य पर दुष्प्रभावों के बारे में व्यापारियों को समझाया कि प्लास्टिक प्रकृति और मानव जीवन के लिए अत्यंत हानिकारक है। नालों की चोकिंग और जलभराव हो जाता है। पशुओं द्वारा प्लास्टिक खाने से मौतें हो रही है। मिट्टी और भूजल में प्रदूषण होने की संभावना रहती है। इस दौरान मौके पर मौजूद व्यापारियों को प्लास्टिक मुक्त शहर बनाने की शपथ भी दिलाई गई। नगर निगम आयुक्त डॉ गौरव सैनी ने बताया कि शहर में सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंधित है। उल्लंघन करने वालों पर इसी प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश