home page

सुपौल में नशे के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, 100 ग्राम स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार

 | 
सुपौल में नशे के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, 100 ग्राम स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार


सुपौल, 24 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भीमपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने शनिवार को जीवछपुर बाजार स्थित एक अंडा-मुर्गा दुकान में छापेमारी कर 100 ग्राम स्मैक बरामद किया। इस मामले में दुकानदार को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार युवक की पहचान भीमपुर थाना क्षेत्र के जीवछपुर वार्ड संख्या-4 निवासी रोजित साफी के 25 वर्षीय पुत्र मो. हकीम के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार 24 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब एक बजे भीमपुर थानाध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जीवछपुर बाजार की मस्जिद गली स्थित मो. हकीम की अंडा-मुर्गा दुकान में छापेमारी की। तलाशी के दौरान दुकान से 100 ग्राम स्मैक बरामद होने पर पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। भीमपुर थानाध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार ने शनिवार शाम करीब 4:30 बजे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध खरीद-बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए एसपी शरथ आरएस के निर्देश पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।

इसी अभियान के तहत पुलिस टीम ने छापेमारी कर स्मैक बरामद किया और आरोपी युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद स्मैक कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति में किन-किन लोगों की संलिप्तता हो सकती है। साथ ही मादक पदार्थों की संभावित खरीद-बिक्री के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत और आपूर्ति करने वाले लोगों के संबंध में कोई जानकारी साझा नहीं की है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र