home page

ट्रेलर से 100 सीमेंट बैग चोरी, चालक व मजदूरों की मिलीभगत का आरोप

 | 
ट्रेलर से 100 सीमेंट बैग चोरी, चालक व मजदूरों की मिलीभगत का आरोप


जोधपुर, 09 जुलाई (हि.स.)। शहर के शताब्दी सर्किल के पास में खड़े एक टे्रलर से 100 सीमेंट के बैग चोरी हो गए। कंपनी मैनेजर ने ट्रक चालक और कुछ मजदूरों पर मिलीभगत कर सीमेंट के बैग चोरी करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। कुड़ी भगतासनी पुलिस इस बारे में अब जांच कर रही है।

कुड़ी भगतासनी सेक्टर-8 निवासी श्रवणराम विश्नोई पुत्र सुमेरराम श्री बालाजी ट्रांसपोर्ट में मैनेजर है। उसने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी कंपनी का ट्रेलर 4 जुलाई को सिरोही स्थित जेके लक्ष्मी सीमेंट प्लांट से 840 बैग सीमेंट भरकर जोधपुर पहुंचा था। रात में पार्टी ने माल खाली करने से मना करने पर चालक ट्रेलर को शताब्दी सर्कल स्थित कंपनी के पुराने कार्यालय के पास खड़ा कर वहीं सो गया।

अगले दिन 5 जुलाई को ट्रेलर व्यास अस्पताल कुड़ी में सीमेंट खाली करने पहुंचा तो गिनती के दौरान करीब 100 सीमेंट के बैग कम पाए गए। मैनेजर का आरोप है कि ट्रक चालक रमेश निवासी डोली की मिलीभगत से मजदूरों ने करीब 100 सीमेंट के बैग चोरी कर लिए। मामले की जांच एएसआई हनुमानराम कर रहे है। सीसीटीवी फुुटेज से घटनाक्रम को देखा जा रहा है। फिलहाल नामजद के खिलाफ पड़ताल जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश