प्रॉपर्टी-यूएसडीटी में भारी मुनाफे का झांसा देकर 100 करोड़ की ठगी करने वाले गिरफ्तार
जयपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। राजधानी में प्रॉपर्टी और क्रिप्टोकरेंसी-यूएसडीटी में निवेश के नाम पर भारी मुनाफे का झांसा देकर करीब 100 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का सोडाला थाना पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में 2000-2000 रुपये के इनामी मुख्य आरोपित मोहित कालोया (27) और उसके रिश्तेदार सहयोगी घनश्याम कांदेल उर्फ कडेंल (35) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से ठगी की रकम से खरीदी गई करीब 1.25 करोड़ रुपये कीमत की मर्सिडीज कार और ट्रायम्फ स्ट्रीट ट्रिपल बाइक जब्त की है। साथ ही आरोपिताें की करीब एक करोड़ रुपए की बैंक एफडी फ्रीज कराई गई है।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण ललित किशोर शर्मा ने बताया कि परिवादी ऋषि मेहता ने सोडाला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि मेसर्स ईजी वे होम्स कंपनी संचालित करने वाले मोहित कालोया और घनश्याम कांदेल ने प्रॉपर्टी और क्रिप्टो ट्रेडिंग में निवेश करवाने तथा कम समय में मोटा मुनाफा देने का झांसा दिया। आरोपिताें ने परिवादी से चेक के जरिए 1 करोड़ 55 लाख रुपए और 4 करोड़ रुपये नकद लिए। भुगतान का समय 1 जनवरी 2026 को आने पर दोनों आरोपिताें ने मोबाइल बंद कर दिए और फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
इस मामले की जांच के लिए एसीपी जेठू सिंह के नेतृत्व में थानाधिकारी मनोज बेरवाल, एसआई जयकुमार, एएसआई महादेव प्रसाद तथा कांस्टेबल इरफान और जयपाल की टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से मुख्य आरोपी मोहित कालोया को गुड़गांव से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने सह-आरोपी घनश्याम कांदेल को चितवाड़ी, सामोद से गिरफ्तार किया।
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपियों ने ‘Flinty-io’ और ‘Flinty-live’ नाम से फर्जी डिजिटल कॉइन/क्रिप्टो वेबसाइटें बना रखी थीं। इन वेबसाइटों के जरिए लोगों को डिजिटल कॉइन और क्रिप्टोकरेंसी में निवेश करने पर भारी रिटर्न का लालच दिया जाता था। निवेशकों से रकम लेने के बाद आरोपित कंपनी और वेबसाइट बंद कर फरार हो जाते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कंप्यूटर, लैपटॉप और मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
अनुसंधान में सामने आया कि आरोपिताें के खिलाफ जयपुर के अलग-अलग थानों में करोड़ों रुपये की ठगी के मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार अब तक की जांच में गिरोह की ओर से करीब 100 करोड़ रुपये की ठगी किए जाने का खुलासा हुआ है। पुलिस दोनों आरोपिताें से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में ठगी की अन्य वारदातों, निवेशकों, गिरोह से जुड़े लोगों और रकम के लेन-देन के संबंध में और जानकारी सामने आने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

