home page

साइबर ठगों से मिले आधार कार्ड से खोले गए थे 100 से ज्यादा खाते, पुलिस जांच में जुटी

 | 
साइबर ठगों से मिले आधार कार्ड से खोले गए थे 100 से ज्यादा खाते, पुलिस जांच में जुटी


मुरादाबाद, 06 अक्टूबर (हि.स.)। सिविल लाइन्स थाना की पुलिस के हत्थे चढ़े गिरोह के सदस्यों से मिले आधार कार्डों से 100 से ज्यादा खाते खोले गए हैं। अब पुलिस खातों के लेनदेन की जांच कर रही है। किस खाते में कहां से रकम आई और कहां रकम भेजी गई है। इसका पूरा ब्योरा जुटाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने मंगलवार काे बताया कि आरोपितों के बैंक खातों में लेनदेन की जांच की जा रही है।

इसके अलावा पुलिस यह भी जांच-पड़ताल में जुटी है कि इनके साथ और कितने लोग शामिल हैं। एक दिन पहले ही पुलिस ने 33 मोबाइल नंबरों की सीडीआर निकलवाई थी। थाना सिविल लाइन्स पुलिस ने साइबर ठगी के आरोप में पूर्व डिप्टी जेलर के पुत्र सहित 13 आरोपितों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 16 मोबाइल और एक लैपटॉप और 15 आधार कार्ड बरामद किए थे।

आरोपित लोगों को एपीके फाइल भेज कर साइबर ठगी करते थे। मोबाइल और लैपटॉप विधि विज्ञान प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जाएगा। गिरोह में आंध्र प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड के आरोपित शामिल हैं। अभी साइबर ठग गिरोह का सरगना उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के काशीपुर निवासी संजय कुमार है। पुलिस ने आरोपिताें के 33 मोबाइल नंबरों की सीडीआर निकलवाई है। इसके अलावा आरोपिताें से मिले आधार कार्ड के जरिये पता चला कि इनसे 100 से ज्यादा खाते खोले गए थे। यह खाते देश के अलग-अलग राज्यों और शहरों में स्थित बैंक खातों में हैं।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल