home page

शहडोल: सोन नदी किनारे मिला महिला का 10 दिन पुराना कंकाल, चूड़ियों के आधार पर पहचान की कोशिश कर रही पुलिस

 | 
शहडोल: सोन नदी किनारे मिला महिला का 10 दिन पुराना कंकाल, चूड़ियों के आधार पर पहचान की कोशिश कर रही पुलिस


शहडोल, 14 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र के पोड़ी कला गांव में मंगलवार को सोन नदी किनारे एक अज्ञात महिला का नर कंकाल मिला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना ग्राम सरपंच और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, शव करीब 10 दिन या उससे ज्यादा पुराना है। नदी किनारे मिले इस शव का अधिकांश हिस्सा कंकाल में बदल चुका है और शरीर पर बहुत कम मांस बचा है। घटनास्थल से कोई कपड़ा बरामद नहीं हुआ है, जिससे शिनाख्त में मुश्किल आ रही है। हालांकि, हाथों में मिली चूड़ियों और अन्य सामान के आधार पर पुलिस ने इसके महिला का शव होने का अनुमान लगाया है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के बाद नर कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मरचुरी में सुरक्षित रखवा दिया है। मौत की वजह का पता पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हत्या, हादसा और खुदकुशी सहित तमाम पहलुओं को ध्यान में रखकर तफ्तीश कर रही है।

ब्यौहारी थाना प्रभारी जिया उल हक ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस की पहली प्राथमिकता मृतका की पहचान करना है। इसके लिए आसपास के सभी थानों में पिछले दिनों दर्ज हुई गुमशुदगी की रिपोर्ट का मिलान किया जा रहा है। साथ ही स्थानीय ग्रामीणों से भी पूछताछ कर सुराग लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला