home page

जौनपुर में दो पिकअप से 10 भैंसें बरामद, छह आराेपित गिरफ्तार

 | 
जौनपुर में दो पिकअप से 10 भैंसें बरामद, छह आराेपित गिरफ्तार


-रामपुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान वाहनों को रोका, पशु क्रूरता अधिनियम में मुकदमा दर्ज

जौनपुर, 27 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में रामपुर थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो पिकअप वाहनों से क्रूरतापूर्वक लादी गईं 10 भैंसें बरामद की हैं। पुलिस ने दोनों वाहनों में सवार छह लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले में पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

रविवार को जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी माड़ियाहुूँ विजय कुमार ने बताया कि रामपुर थाना क्षेत्र के बरसठी तिराहे पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सेहरा की ओर से दो पिकअप वाहनों में भैंसों को क्रूरतापूर्वक लादकर ले जाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम भिउरा गेट के पास पहुंची और संदिग्ध दोनों पिकअप वाहनों को रोककर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान दोनों वाहनों में पांच-पांच भैंसें लदी मिलीं। पुलिस ने कुल 10 भैंसों को बरामद कर लिया। वाहनों में सवार छह लोगों को मौके से गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शकील, नईम, असलम, बाबा, सुकुरुल्ला और लाल मोहम्मद के रूप में हुई है। सभी थाना रामपुर क्षेत्र के ग्राम बनीडीह के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस ने इस संबंध में थाना रामपुर में मुकदमा अपराध संख्या 188/2026 के तहत पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11 में मुकदमा दर्ज किया है। बरामद दोनों पिकअप वाहनों को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक बाबूराम बिन्द द्वारा की जा रही है। प्रकरण में अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव