home page

उज्जैन में हनीट्रैप में फंसाकर अपहरण करने वाले 10 आरोपी गिरफ्तार

 | 


उज्जैन, 22 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में सोशल मीडिया के जरिए युवक को हनीट्रैप में फंसाकर उसका अपहरण करने और परिवार से 50 लाख रुपये की फिरौती मांगने वाले गिरोह का बुधवार को पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। दो फरार आरोपियों की तलाश जारी हैं।

पुलिस के अनुसार बुधवार को पूछताछ में कई अहम खुलासे हुए हैं। नानाखेड़ा थाना पुलिस ने बताया कि नरवर निवासी 29 वर्षीय हैदर पुत्र कमाल पटेल की इंस्टाग्राम पर अंजली ठाकुर नाम की युवती से पहचान हुई थी। बातचीत के दौरान युवती ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसे उज्जैन बुलाया और मिलने के लिए कहा। तीन दिन पहले हैदर अंजली को अपनी कार से इंदौर रोड स्थित एक होटल ले गया, जहां वह नौकरी की बात करने पहुंचा था। होटल से लौटते समय तपोभूमि क्षेत्र के पास दो कारों में सवार पांच से छह लोगों ने उसकी कार को घेर लिया। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, आंखों पर पट्टी बांध दी और जबरन अपने साथ ले गए।

वीडियो बनाकर दी बदनाम करने की धमकीअपहरण के बाद आरोपियों ने हैदर का आपत्तिजनक वीडियो बनाया और उसे झूठे केस में फंसाने तथा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। इसके बाद उसके परिजनों से 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। बाद में सौदा 26 लाख रुपये में तय हुआ। परिजनों ने जैसे-तैसे 10 लाख रुपये जुटाकर आरोपियों को दे दिए, लेकिन इसके बाद भी उन्होंने हैदर की कार, सोने की चेन और घड़ी अपने कब्जे में रखी। साथ ही बाकी 16 लाख रुपये देने का दबाव बनाते रहे। एक दिन बंधक बनाए रखने के बाद आरोपियों ने उसे फ्रीगंज क्षेत्र में छोड़ दिया।

तकनीकी जांच से पुलिस तक पहुंचे आरोपीनानाखेड़ा थाना पुलिस ने साइबर सेल, मुखबिर और तकनीकी विश्लेषण की मदद से जांच शुरू की। जांच के दौरान पूरे गिरोह का नेटवर्क सामने आया। पुलिस ने लोकेश पिता राजेश शर्मा 30 वर्ष निवासी पंवासा सहित राजपाल पिता जालम सिंह राठौड़ 22 वर्ष निवासी ग्राम जहांगीरपुर, पंकज पिता गजानंद बमोरिया 35 वर्ष निवासी अंवतीपुरा, यशवंत पिता जगदीश देवड़ा 23 वर्ष, आर्यन पिता मुकेश राठौर 20 वर्ष दोनों निवासी तिरुपति धाम, लखन पिता नारायण सिंह पंवार 22 वर्ष निवासी ग्राम पिपलिया डाबी, इदरीश पिता दिलीप पटेल निवासी ग्राम नरवर, इमरान उर्फ राजा पिता खाजू पटेल, जयसिंह पिता अजबसिंह चौहान दोनों निवासी ग्राम बदरखा और आयुष पिता दिनेश जाटवा निवासी भैरूनाला को गिरफ्तार किया है।

इदरीश ने ही दी सारी जानकारीपूछताछ में पता चला कि गिरोह पहले ऐसे लोगों की जानकारी जुटाता था, जिनके पास हाल ही में बड़ी रकम आई हो या जिन्हें आसानी से हनीट्रैप में फंसाया जा सके। सहआरोपी इदरीश पटेल ने हैदर की इंस्टाग्राम आईडी, उसकी आर्थिक स्थिति और अन्य जानकारी गिरोह तक पहुंचाई थी। इसके बाद अंजली ठाकुर ने सोशल मीडिया के जरिए संपर्क कर पूरी साजिश को अंजाम दिया। मामले में दीपक राजपूत निवासी पंवासा और अंजली ठाकुर निवासी भोपाल फरार हैं। दोनों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि गिरोह ने अवैध रूप से अर्जित रकम का उपयोग कहां किया और उनके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल