10 साल पुराने मामले में उद्घोषित अपराधी गिरफ्तार, रामपुर पुलिस ने खोलीघाट से पकड़ा
शिमला, 05 जुलाई (हि.स.)। शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र में वर्ष 2016 के मारपीट के एक मामले में अदालत द्वारा उद्घोषित अपराधी घोषित किए गए एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस शिमला के अनुसार पुलिस थाना रामपुर में वर्ष 2016 में भारतीय दंड संहिता की धारा 325 और 323 के तहत मामला दर्ज किया गया था। यह मामला गंभीर चोट पहुंचाने और मारपीट से जुड़ा है।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में एसीजेएम रामपुर की अदालत ने 30 अक्तूबर 2025 को प्रकाश चंद उर्फ टीमरू (33) निवासी गांव बणीबासा, तहसील ननखड़ी, जिला शिमला को उद्घोषित अपराधी घोषित किया था।
पुलिस के अनुसार उद्घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान 4 जुलाई को पुलिस थाना रामपुर और पुलिस उपमंडल रामपुर की पीओ सेल की संयुक्त टीम ने प्रकाश चंद उर्फ टीमरू को खोलीघाट क्षेत्र से कानून के अनुसार गिरफ्तार कर लिया।
जिला पुलिस के प्रवक्ता ने रविवार कोबताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए माननीय एसीजेएम रामपुर की अदालत में पेश किया जा रहा है।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह का कहना है कि अदालत से उद्घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी और न्यायालय के आदेशों के पालन के लिए जिला पुलिस का अभियान लगातार जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

