जगदलपुर मोती ज्वेलर्स से सोना चोरीकांड में छह आरोपित गिरफ्तार, तीन फरार
आरोपिताें के कब्जे से 765 ग्राम सोना सहित एक स्कॉर्पियो वाहन, एक ऑटो एवं एक मोटरसाइकिल बरामद
जगदलपुर, 11 नवंबर (हि.स.)। जिले के थाना काेतवाली क्षेत्र में दिपावली से एक दिन पहले 07 नवंबर काे मोती ज्वेलर्स चोरी मामले में पुलिस ने इस चोरीकांड में अब तक छह आरोपिताें काे गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपिताें में छठवां एक नाबालिग भी शामिल है, जबकि गिरोह के 03 अन्य आरोपित सदस्य अभी भी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से 765 ग्राम सोना सहित एक स्कॉर्पियो वाहन, एकआटो एवं एक मोटरसाइकिल बरामद किया गया है। पुरुषों द्वारा रैकी तथा महिलाओं एवं बच्चों द्वारा अधिक संख्या में गिरोह के साथ भीड़ वाले दुकानों पर ध्यान भटकाकर चोरी को अंजाम दिया जाता था। आराेपिताें में फूलों कश्यप पति मासों, मासों कश्यप पति बूदरू कश्यप, पसली माड़वी पति जंतु माड़वी, शंकर माड़वी पिता मोसूराम, परमेश कश्यप पिता मंडा राम सभी निवासी पथरीली उड़वा थाना कोड़ेनार जिला बस्तर शामिल है।
बस्तर जिले के एएसपी सुखनंदन राठौर ने मोती ज्वेलर्स से सोनाचोरीकांड का आज बुधवार काे खुलासा करते हुए बताया कि इस पूरे मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए वारदात के बाद पुलिस की अलग-अलग टीमें बनाई गई थीं। एक टीम वाहन के मूवमेंट पर नजर रख रही थी। जबकि दूसरी टीम महिला चोरों और उनके साथियों की तलाश में जुटी थी। पुलिस ने इस दौरान 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।
उन्हाेंने बताया कि जांच में सामने आया कि इस चोरीकांड के वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपिताें ने बाकायदा रेकी की थी। इसके लिए मोटर साइकिल, ऑटो और एसयूवी जैसे वाहनों का इस्तेमाल किया गया था। चोरी के बाद जेवर बेचने अन्य सोनार दुकान पर गए महिलाओं की गतिविधियों पर दुकानदार को संदेह हो हुआ। इसके बाद दुकानदार ने उन्हें दुकान से बाहर जाने को कहा था। वहीं आरोपिताें की कार का पता लगाने के लिए पुलिस ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी से भी संपर्क किया। रायकोट के आस-पास वाहन और उसमें सवार लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई।
सुखनंदन राठौर ने बताया कि जांच आगे बढ़ी तो पुलिस संदिग्धों के ठिकानों तक पहुंच गई। चिन्हांकित घरों में तलाशी ली गई, लेकिन कुछ संदिग्धों के घर बंद मिले। इसके बाद पुलिस ने जंगलों में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोगों के लिए जंगल में भोजन गया है। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाबालिग से पूछताछ की और जंगल में थर्मल ड्रोन की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया। आखिरकार पुलिस टीम को इस चोरीकांड के वारदात में शामिल आरोपिताें तक पहुंचने में सफलता मिली। इस पूरे मामले में कुल 09 लोगों की संलिप्तता सामने आई है, इनमें से 06 को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 03 आरोपित फरार हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

