home page

मोटरसाइकिल चोर गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार

 | 
मोटरसाइकिल चोर गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार


मोटरसाइकिल चोर गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार


सारण, 10 जून (हि.स.)। वाहन चोरों के खिलाफ अभियान में पुलिस को एक सफलता हाथ लगी है। नगरा थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए कुल पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से दो मोटरसाइकिलें, तीन मोबाइल और चोरी की बाइकों के पांच चेसिस व कटे हुए पुर्जे बरामद किए हैं।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नगरा चौक पर कुछ अपराधी बाइक चोरी की योजना बना रहे हैं। कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची, तो बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार तीन संदिग्ध भागने लगे। पुलिस बल ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने कबूला कि यह बाइक खैरा थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी।

पकड़े गए अपराधियों की निशानदेही पर पुलिस ने खैरा और जलालपुर थाना क्षेत्रों में छापेमारी की। इस दौरान चोरी की गाड़ियों के पुर्जे और चेसिस खरीदने वाले दो कबाड़ी दुकानदारों को भी गिरफ्तार किया गया। यह गिरोह विभिन्न क्षेत्रों से बाइक चोरी कर उनके पुर्जे अलग-अलग कबाड़खानों में बेचता था।

इस मामले में नगरा थाना कांड संख्या-95/26 दर्ज कर गिरफ्तार अभियुक्तों रवि कुमार, शशि कुमार, महेश कुमार महतो, मो० अफताब और मो० मुस्तफा आलम को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। इस कार्रवाई में नगरा, खैरा और जलालपुर थाना की पुलिस टीम शामिल थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार