home page

चार साल पुराना वीडियो पड़ा भारी, अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार

 | 
चार साल पुराना वीडियो पड़ा भारी, अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार


सीवान, 14 जून (हि.स.)।सोशल मीडिया पर अवैध हथियार से फायरिंग का वीडियो वायरल करना एक युवक को महंगा पड़ गया। वीडियो सामने आते ही सीवान पुलिस सक्रिय हुई और त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को अवैध हथियार एवं कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया।

मामला हुसैनगंज थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार 13 जून को थाना को एक वीडियो प्राप्त हुआ, जिसमें एक युवक अवैध हथियार से फायरिंग करता दिखाई दे रहा था। वीडियो के सत्यापन के बाद युवक की पहचान हुसैनगंज थाना क्षेत्र के टिकरी गांव निवासी बसंत कुमार के रूप में की गई।

पहचान होते ही थानाध्यक्ष मोहन प्रसाद सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी के घर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान उसके घर से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से बसंत कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वायरल वीडियो में दिख रहा युवक वही है। हालांकि उसने दावा किया कि यह वीडियो लगभग चार वर्ष पुराना है। बावजूद इसके पुलिस ने अवैध हथियार बरामद होने के आधार पर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में हर्ष फायरिंग और अवैध हथियारों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो की निगरानी भी की जा रही है और कानून तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma