home page

सोनपुर में लूट की योजना बना रहे चार अपराधी हथियार व कारतूस के साथ गिरफ्तार

 | 
सोनपुर में लूट की योजना बना रहे चार अपराधी हथियार व कारतूस के साथ गिरफ्तार


सारण, 12 अप्रैल (हि.स.)। सोनपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर लूट की योजना बना रहे अंतरजिला अपराधियों को अवैध हथियारों, कारतूस और पूर्व में लूटे गए आभूषणों के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि शिवबच्चन चौक के उत्तर मकेर बांध रोड स्थित एक करकटनुमा मकान में कुछ अपराधी हथियार के साथ जमा हुए हैं और किसी लूट की साजिश रच रहे हैं। कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने उक्त स्थल की घेराबंदी कर मौके से राजू कुमार वैशाली, ऋषि कुमार, अच्छेलाल कुमार और मन्नत राज उर्फ अमित कुमार तीनों मुजफ्फरपुर निवासी को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान अभियुक्तों के पास से तीन लोडेड देशी पिस्टल, एक अतिरिक्त मैगजीन और 50 जिंदा कारतूस, चार मोटरसाइकिलें, तीन सेट नंबर प्लेट, एक चाकू और आभूषण तौलने वाली डिजिटल मशीन, चांदी की ट्रे, मछली, पान के पत्ते, कसैली, पायल तथा सोने के कंगन और लॉकेट, सात मोबाइल फोन जप्त किया। पूछताछ में अभियुक्त राजू कुमार ने स्वीकार किया कि वे लूट की घटनाओं को अंजाम देकर मिले पैसों से हथियार खरीदते थे।

ये अपराधी इन हथियारों के बल पर जमीन कब्जा कराने का सिंडिकेट भी चलाते थे। पहचान छिपाने के लिए ये मोटरसाइकिलों की नंबर प्लेट बदलकर अपराध करते थे। पुलिस ने इनके विरुद्ध सोनपुर थाना में कांड संख्या-358/26 दर्ज कर सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब इन अपराधियों को कारतूस सप्लाई करने वाले गिरोह की तलाश में छापेमारी कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार