दरौंदा में वारदात की साजिश नाकाम, तीन अपराधी हथियार के साथ गिरफ्तार
सीवान, 29 अप्रैल (हि.स.)। जिले के दरौंदा थाना क्षेत्र के मदारीचक बगीचे में पुलिस ने छापेमारी कर अपराध की योजना बना रहे तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनके तीन साथी मौके से फरार हो गए।
थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि मदारीचक बगीचे में आधा दर्जन युवक संदिग्ध गतिविधियों में जुटे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान बगौरा टोला बंगरा निवासी विक्की यादव, मदारीचक निवासी मोहित यादव एवं शिवम कुमार साह को एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं तीन अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अपराधियों ने बताया कि वे एनएच-531 पर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

