सीवान में वाहन जांच के दौरान 3 गिरफ्तार, 4 चोरी की बाइक व भारी मात्रा में शराब बरामद
सीवान, 11 मई (हि.स.)। एसपी पुरन कुमार झा के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे सघन वाहन जांच अभियान के तहत जी.बी. नगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वाहन जांच के दौरान पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए चार चोरी की मोटरसाइकिल एवं 33.42 लीटर अवैध शराब बरामद की है।
एसपी पुरन कुमार झा ने बताया कि दिनांक 10 मई 2026 को जी.बी. नगर थाना क्षेत्र में विधि-व्यवस्था संधारण एवं अपराध नियंत्रण को लेकर सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार व्यक्ति पुलिस चेकिंग देखकर गाड़ी मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस बल की तत्परता से उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ एवं वाहन सत्यापन के दौरान मोटरसाइकिल चोरी की पाई गई, जिसके बाद दोनों संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर थाना क्षेत्र के श्रीकांत बंगरा गांव में छापेमारी की गई, जहां से तीन अन्य चोरी की मोटरसाइकिल और 33.42 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। साथ ही दो अन्य अभियुक्तों को भी गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में सुदामा सिंह, प्रिंस सिंह एवं धनु कुमार राम शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ जी.बी. नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसपी पुरन कुमार झा ने कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण, वाहन चोरी एवं अवैध शराब कारोबार के खिलाफ सीवान पुलिस लगातार अभियान चला रही है। ऐसे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।इस कार्रवाई में जी.बी. नगर थाना अध्यक्ष पु.नि. राजेश कुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

