home page

(अपडेट) गांजा तस्करी के मामले में दो और आरोपित गिरफ्तार, अब तक चार पकड़े गए

 | 
(अपडेट) गांजा तस्करी के मामले में दो और आरोपित गिरफ्तार, अब तक चार पकड़े गए


रायपुर, 8 अगस्त (हि.स.)। गांजा तस्करी के एक मामले में पुलिस ने बैकवर्ड लिंक के आधार पर दो और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल चार आरोपित गिरफ्तार हो चुके हैं। पुलिस गांजा तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए पूछताछ और जांच कर रही है।

शनिवार को पुलिस के मुताबिक, 4 अगस्त को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने लाभांडी स्थित अग्रसेन धाम के पास कार्रवाई की थी। पुलिस ने ओडिशा से नागपुर की ओर जा रहे एक ट्रक को रोककर तलाशी ली थी। ट्रक से 191.525 किलो गांजा बरामद हुआ था।

मामले में पुलिस ने ट्रक सवार पिता-पुत्र मोहम्मद लाल और मोहम्मद रुस्तम को गिरफ्तार किया था। ट्रक और उसमें लोड भारी मशीनरी समेत जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1.20 करोड़ रुपये बताई गई थी।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों से गांजा की खेप उपलब्ध कराने वालों और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी मिली। इसके आधार पर पुलिस ने मोहम्मद आकिब (25) और मोहसिन खान (34) की तलाश शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और सूचना के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस अब चारों आरोपितों से गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है। गांजा कहां से लाया गया, किसे सप्लाई किया जाना था और इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। तस्करी से जुड़े अन्य आरोपितों की तलाश में संभावित ठिकानों पर भी दबिश दी जा रही है।

यह कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर