हॉस्टल में 5वीं कक्षा की छात्रा से रैगिंग और मारपीट का आरोप, पिता ने 6 दिन बाद दर्ज कराया मामला
नागौर, 19 सितंबर (हि.स.)। जिले के एक गांव स्थित निजी स्कूल के हॉस्टल में 5वीं कक्षा की छात्रा के साथ सीनियर छात्राओं द्वारा रैगिंग और मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। छात्रा ने 12 सितंबर की रात अपने पिता को फोन कर आपबीती बताई। इसके बाद परिजन हॉस्टल पहुंचे और बेटी को अपने साथ ले गए। मामले में छात्रा के पिता ने 18 सितंबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
पिता का आरोप है कि उनकी बेटी वर्ष 2023 से निजी स्कूल में पढ़ रही है और स्कूल परिसर स्थित हॉस्टल में ही रह रही है। पिछले करीब तीन महीने से सीनियर छात्राएं उसे कथित तौर पर परेशान कर रही थीं। छात्रा ने करीब तीन महीने पहले भी अपने पिता को इसकी जानकारी दी थी। पिता ने स्कूल प्रबंधन से शिकायत की, लेकिन आरोप है कि इस पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद छात्रा गुमसुम रहने लगी।
पिता के अनुसार 12 सितंबर की रात छात्रा ने फोन कर दोबारा सीनियर छात्राओं द्वारा परेशान करने और मारपीट किए जाने की जानकारी दी। बेटी की बात सुनकर परिजन चिंतित हो गए और अगले दिन 13 सितंबर को हॉस्टल पहुंचे।
उन्होंने बेटी को घर ले जाने के लिए स्कूल से अनुमति भी ली।
पिता का आरोप है कि जब उन्होंने हॉस्टल वार्डन से घटना को लेकर बातचीत की तो वहां मौजूद एक महिला कर्मचारी ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया और परिवार के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया। इसके बाद उन्होंने स्कूल के प्रधानाचार्य के समक्ष शिकायत रखी। प्रधानाचार्य ने कार्रवाई का आश्वासन दिया।
छात्रा के पिता का कहना है कि वह घटना को लेकर स्कूल प्रबंधन से पहले भी तीन-चार बार शिकायत कर चुके थे, लेकिन उनकी शिकायतों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई।
उनका आरोप है कि लगातार परेशानी के कारण बेटी मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी। अब पिता ने पुलिस से मामले में निष्पक्ष जांच के साथ स्कूल के सीसीटीवी फुटेज, हॉस्टल रिकॉर्ड और अन्य संबंधित साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की मांग की है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

