home page

हरकी पैड़ी पर महिला श्रद्धालुओं से छेड़छाड़ और मारपीट, आरोपित गिरफ्तार

 | 
हरकी पैड़ी पर महिला श्रद्धालुओं से छेड़छाड़ और मारपीट, आरोपित गिरफ्तार


हरिद्वार, 08 जून (हि.स.)। धर्मनगरी हरिद्वार के तीर्थस्थल हरकी पैड़ी पर महिला श्रद्धालुओं के साथ छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश के झांसी से आई तीन महिला श्रद्धालुओं ने एक स्थानीय व्यक्ति पर अभद्र व्यवहार, छेड़छाड़ और विरोध करने पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे सोमवार को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, झांसी निवासी एक परिवार अधिक मास के पावन अवसर पर गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के लिए हरिद्वार आया हुआ था। परिवार की महिलाएं पिछले कई दिनों से हरकी पैड़ी क्षेत्र में स्नान और धार्मिक अनुष्ठान कर रही थीं। पीड़ित महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गंगा स्नान के बाद जब वह अपनी बहनों के साथ शिव मंदिर में जलाभिषेक कर रही थी, तभी स्वयं को रवि चौहान बताने वाला एक व्यक्ति आया और अभद्र व्यवहार करते हुए कहा कि यदि उन्हें यहां स्नान और पूजा करनी है तो तीनों बहनों को उससे मिलना होगा।

शिकायत के अनुसार आरोपी कई दिनों से मंदिर परिसर में उनके साथ छेड़छाड़ कर रहा था। जब महिलाओं ने उसकी हरकतों का विरोध किया तो उनके साथ मारपीट शुरू की गई। महिलाओं के साथ धक्का मुक्की और मारपीट का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

नगर कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने बताया कि झांसी निवासी महिला की शिकायत के आधार पर जांच की गई और आरोपित रवि चौहान के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की आगे जांच जारी है तथा कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला