हनीट्रैप में फंसाकर व्यापारी का अपहरण और फिरौती मांगने वाली गैंग का पर्दाफाश
जयपुर, 06 अगस्त (हि.स.)। सोडाला थाना पुलिस ने हनीट्रैप में फंसाकर व्यापारी का अपहरण करने और पांच लाख रुपये की फिरौती मांगने वाली गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला सहित पांच आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। आरोपिताें ने दुष्कर्म का झूठा मुकदमा दर्ज करवाने की धमकी देकर व्यापारी से रुपए वसूलने का प्रयास किया था।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि 23 जुलाई को सोडाला थाने में व्यापारी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि एक महिला सहित कुछ लोग उसे दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर पांच लाख रुपये की मांग कर रहे हैं। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की।
जांच में सामने आया कि गैंग की महिला आरोपित ने खरीदारी के बहाने व्यापारी की दुकान पर कई बार जाकर उससे संपर्क बढ़ाया। इसके बाद उसे खाटू श्यामजी बुलाया। वहां पहले से मौजूद उसके साथियों ने व्यापारी के साथ मारपीट की और पांच लाख रुपये नहीं देने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
पुलिस के अनुसार गैंग के एक सदस्य ने महिला को अपनी पत्नी बताते हुए व्यापारी का अपहरण कर लिया और उसके परिजनों से फोन पर फिरौती की मांग की। पुलिस ने तकनीकी संसाधनों और मुखबिर तंत्र की मदद से व्यापारी को सवाई माधोपुर से सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस जांच में मामला हनीट्रैप का सामने आया। इसके बाद पुलिस ने दिनेश बाई उर्फ अनुष्का मीना उर्फ छोटा, अशोक मीना, रजनेश मीना, राजेंद्र कुमार मीना और मोनू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया ला रहा है। उनसे पूछताछ कर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

