home page

हत्या मामले में दो अपराधी गिरफ्तार, हथियार और कारतूस बरामद

 | 
हत्या मामले में दो अपराधी गिरफ्तार, हथियार और कारतूस बरामद


भागलपुर, 27 अप्रैल (हि.स.)। जिले के जोगसर थाना क्षेत्र में हुए युवक हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देशी पिस्तौल, दो देशी कट्टा, सात जिंदा कारतूस, चार खोखा, एक विकृत बुलेट और 86 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया गया है।

उक्त आशय की जानकारी वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने सोमवार को दी। एसएसपी ने बताया की 25 अप्रैल को जोगसर थाना को सूचना मिली थी कि सौरभ जायसवाल निवासी बिरौली, थाना रुपौली, जिला पूर्णिया की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी डीएसपी-2 के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों गौरव कुमार और राजा कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि 25 अप्रैल को मानिक सरकार घाट रोड स्थित एक फ्लैट में अवैध हथियार के साथ मौज-मस्ती के दौरान विवाद हुआ। जिसमें सौरभ जायसवाल को गोली मार दी गई। घायल सौरभ की इलाज के दौरान मौत हो गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर