home page

हत्या की गुत्थी सुलझी, तीन आरोपित गिरफ्तार

 | 
हत्या की गुत्थी सुलझी, तीन आरोपित गिरफ्तार


नई दिल्ली, 05 जुलाई (हि.स.)। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस ने 20 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या के मामले का महज 18 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को किया है। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पुरानी रंजिश और थप्पड़ मारने की घटना का बदला लेने के लिए तीनों ने साजिश रचकर युवक को पार्क में बुलाया और चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी।

उत्तर-पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल ने रविवार को बताया कि चार जुलाई की सुबह न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस को सूचना मिली कि जग प्रवेश चंद्र अस्पताल के पास स्थित डीडीए पार्क में एक युवक घायल अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में मृतक की पहचान न्यू सीलमपुर के के-ब्लॉक निवासी 20 वर्षीय तौहीद, पुत्र मोहसिन अंसारी के रूप में हुई।

मामले में न्यू उस्मानपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अहम साक्ष्य जुटाए। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर के.एल. यादव के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने एसीपी सीलमपुर मलकीयत सिंह की निगरानी में तकनीकी और स्थानीय स्तर पर गहन जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि हत्या से कुछ घंटे पहले मृतक का कुछ युवकों से झगड़ा हुआ था। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने लगातार छापेमारी कर तीन आरोपित शहनवाज (21), नूर हसन (20) और अनस (21) गिरफ्तार किया। तीनों सीलमपुर के रहने वाले है।

पूछताछ में तीनों आरोपितों ने हत्या की साजिश और वारदात में अपनी भूमिका कबूल कर ली। आरोपितों ने बताया कि कुछ समय पहले तौहीद ने नूर हसन को थप्पड़ मारा था और शहनवाज को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। इसी अपमान का बदला लेने के लिए तीनों ने योजना बनाई, तौहीद को बहाने से डीडीए पार्क बुलाया और चाकू से कई वार कर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया है। जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपित शहनवाज पहले भी लूट के एक मामले में शामिल रह चुका है। पुलिस अब इस हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी