हत्या का सनसनीखेज मामला : साले ने की अपने जीजा की हत्या
बीकानेर, 11 अप्रैल (हि.स.)। मुक्ताप्रसाद पुलिस थाना क्षेत्र में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिसमें साले ने अपने जीजा की हत्या कर दी है।
थानाधिकारी विजेन्द्र सीला ने बताया कि रामपुरा बस्ती की गली नंबर 7 निवासी 30 वर्षीय जयसिंह राजपूत पर बीती रात उसके साले ने मारपीट कर उस पर तलवार से 7-8 वार किए। जिससे जयसिंह लहुलूहान हालत में सड़क पर गिर पड़ा। जिसे कुछ लोग अस्पताल ले गये। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीओ सिटी अनुज के अनुसार आरोपित कोई और नहीं बल्कि जयसिंह का साला ही है। जयसिंह के साले कपिल सिंह ने एक अन्य के साथ मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया। दूसरा आरोपित नाबालिग है, इस वजह से उसकी पहचान नहीं बताई जा सकती है। दोनों आरोपितों को रात 2-3 बजे ही पकड़ लिया गया था। दोनों से पूछताछ जारी है। वहीं पोस्टमार्टम कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। मुक्ताप्रसाद थाना पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीओ सिटी अनुज डाल ने बताया कि जयसिंह का उसकी पत्नी के साथ पिछले दो साल से विवाद चल रहा था। इसी के चलते उसके साले कपिल सिंह व एक अन्य ने मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। हत्या के पीछे और भी कोई शामिल है या नहीं, इसकी जांच चल रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

