home page

सुल्तानपुरी में कपड़े सुखाने की रस्सी को लेकर विवाद

 | 

नई दिल्ली, 07 अप्रैल (हि.स.)। बाहरी दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके में कपड़े सुखाने की रस्सी को लेकर दो पड़ोसी परिवारों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। घटना में एक महिला ने अपने पड़ोसी पर मारपीट और कपड़े फाड़ने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और स्पष्ट किया है कि घटना का कोई सांप्रदायिक या धार्मिक एंगल नहीं है।

पुलिस के अनुसार, 6 अप्रैल की शाम करीब 8:47 बजे थाना राज पार्क में एक कॉल प्राप्त हुई, जिसमें शिकायतकर्ता महिला ने आरोप लगाया कि उसके पड़ोसी ने उसके साथ मारपीट की और उसके कपड़े फाड़ दिए। इसके बाद शिकायतकर्ता नाबालिग उसकी बहन और मां शीला थाने पहुंचीं। वहीं दूसरी ओर से आरोपित महिला अपने परिवार के सदस्य के साथ थाने आई। दोनों पक्षों का मेडिकल परीक्षण संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में कराया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल का दौरा कर स्थानीय लोगों से पूछताछ की।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि विवाद की जड़ कपड़े सुखाने की रस्सी थी, जो आरोपित पक्ष के घर के सामने लगी हुई थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में झगड़े में बदल गई।

पुलिस का कहना है कि यह मामला पूरी तरह व्यक्तिगत विवाद का है और इसमें किसी भी तरह का धार्मिक या साम्प्रदायिक पहलू नहीं पाया गया है। फिलहाल जांच अधिकारी द्वारा शिकायतकर्ता के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी