सुलतानपुर में शिक्षक दंपति की गला काटकर हत्त्या
सुलतानपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जिला सुलतानपुर के कादीपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कुंभी डडिया में मोतगरपुर शिक्षक संघ अध्यक्ष और प्रधानाध्यापक व उनकी पत्नी की फावड़े और कुल्हाड़ी से हमलाकर हत्या कर दी गई है। मृतकों का शव उनके निजी विद्यालय परिसर में ही खून में लथपथ पाया गया। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल और सीओ कादीपुर विनय गौतम और स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू किया।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि, मृतक मुकेश सिंह वर्तमान में कंपोजिट विद्यालय खनुहट में प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात थे। उनकी पत्नी पत्नी विनीता पिछला जिला पंचायत चुनाव भी वार्ड नंबर 11 से लड़ी थी। वर्तमान में अपना इंटर कॉलेज संचालित करती थी। एक बेटा अभ्युदय (20) है। बेटा दिल्ली में विश्व विद्यालय में पढ़ रहा है।
मौके से फावड़ा, कुल्हाड़ी और चाकू मिला है, कयास लगाया जा रहा है कि पत्नी को इन्हीं हथियारों से मारकर स्कूल के कमरे में ही मौत के घाट उतारा गया है। वहीं, पति मुकेश भागे तो स्कूल परिसर में 150 मीटर दूर उन्हें भी मार डाला गया। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। बड़े भाई अवधेश सिंह पीजी कॉलेज गाजीपुर में शिक्षक हैं, उसके बाद अखिलेश सिंह लखनऊ कॉपरेटिव बैंक में हैं।
मृतक मुकेश (45) पहले शिक्षा मित्र थे। 2009 में वे सहायक अध्यापक बने और 2013 से लगातार मोतिगरपुर में शिक्षक संघ अध्यक्ष हैं। उन्होंने 2002 में मनराजी शिक्षण संस्थान गांव में खोला था और उसी में पत्नी के साथ रहते थे। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस की टीमाें का गठन किया गया है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

