सुलतानपुर : पचीस हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, जेल
सुलतानपुर, 20 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर पुलिस ने पचीस हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस उपनिरीक्षक तरुण कुमार पटेल ने रविवार को बताया कि टीम ने एक सूचना पर पचीस हजार रुपये के इनामी बदमाश मनोज कुमार पाण्डेय उर्फ शिवानन्द पाण्डेय को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपित को नियमानुसार कोर्ट में पेश किया जा रहा है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
पुलिस के मुताबिक, 17 अगस्त को मनोज पाण्डेय ने अपने साथियों अंकित पाण्डेय, नित्कर्ष सिंह और कामता प्रसाद पाण्डेय के साथ मिलकर पुरानी रंजिश में सुनील पाण्डेय उर्फ महन्थू के साथ मारपीट की थी। इस मारपीट में तलवार और चाकू का इस्तेमाल किया गया था, जिससे सुनील पाण्डेय गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
उन्हें इलाज के लिए लखनऊ के केजीएमयू में भर्ती कराया गया, जहां उनका करीब एक महीने तक उपचार चला। घटना के दौरान मनोज और उसके साथियों ने वादी और उसके भाई कौशलेन्द्र पाण्डेय को गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी थी। आरोपित कामता प्रसाद पाण्डेय ने वादी पर तमंचे से फायर भी किया था। इस मामले में कादीपुर थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

